दिल्ली में बीजेपी सरकार के एक वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री Rekha Gupta ने अपनी सरकार की उपलब्धियों का लेखा-जोखा जनता के सामने रखा। दक्षिणी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि बीते एक साल में सरकार ने प्रधानमंत्री Narendra Modi के “सबका साथ, सबका विकास” के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए सेवा, सुशासन और विकास को प्राथमिकता दी है। फरवरी 2025 में 27 साल बाद राजधानी में बीजेपी की सरकार बनी थी। एक साल पूरा होने के मौके पर पार्टी जश्न के साथ जनता को अपनी उपलब्धियों की जानकारी दे रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं की मेहनत से दिल्ली में विकास कार्यों को नई गति मिली है।
उन्होंने बताया कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य से प्रेरित होकर “विकसित दिल्ली” की मजबूत नींव रखी गई है। सरकार का उद्देश्य ऐसी राजधानी बनाना है जहां अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचें। स्वच्छ, प्रदूषण मुक्त दिल्ली, कूड़े के पहाड़ों का समाधान और वर्षों पुरानी अव्यवस्थाओं को खत्म करना सरकार की प्राथमिकता रही है। रेखा गुप्ता ने कहा कि आधारभूत ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन और जनकल्याण योजनाओं को तेज किया गया है। उनके अनुसार, यह रिपोर्ट कार्ड सिर्फ उपलब्धियों का दस्तावेज नहीं, बल्कि राजधानी के उज्ज्वल भविष्य की दिशा भी तय करता है।









