Jammu & Kashmir

1 मार्च से नहीं चलेगी जम्मू-श्रीनगर वंदे भारत, संचालन पर अस्थायी रोक

जम्मू से श्रीनगर के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। 1 मार्च से प्रस्तावित इस सेवा को फिलहाल शुरू नहीं किया जाएगा। रेलवे सूत्रों के अनुसार, परिचालन पर अस्थायी रोक लगाई गई है। इससे पहले उत्तर रेलवे ने घोषणा की थी कि भारी जन मांग को देखते हुए भारतीय रेल ने श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस का विस्तार जम्मू तवी तक कर दिया है। योजना के मुताबिक, ट्रेन संख्या 26401 (जम्मू तवी-श्रीनगर) सुबह 6:15 बजे रवाना होकर 11:10 बजे श्रीनगर पहुंचती, जबकि ट्रेन संख्या 26402 (श्रीनगर-जम्मू तवी) दोपहर 2 बजे चलकर शाम 6:50 बजे जम्मू तवी पहुंचती।

रेलवे का दावा था कि इस विस्तार से जम्मू और कश्मीर घाटी के बीच यात्रा समय पांच घंटे से भी कम हो जाएगा, जो सड़क मार्ग की तुलना में काफी तेज और सुरक्षित विकल्प होता। खासकर भूस्खलन, भारी बर्फबारी और खराब मौसम के दौरान यह सेवा “ऑल-वेदर” कनेक्टिविटी देने वाली थी। सेमी हाई-स्पीड वंदे भारत ट्रेनों को आधुनिक सुविधाओं और उन्नत सुरक्षा सिस्टम से लैस बताया गया था। उम्मीद जताई गई थी कि इससे पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

गौरतलब है कि उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक (USBRL) परियोजना को 6 जून 2025 को नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र को समर्पित किया था। इसके बाद से जम्मू को सीधे श्रीनगर से वंदे भारत सेवा के जरिए जोड़ने की मांग तेज हो गई थी। हालांकि अब 1 मार्च से सेवा शुरू न होने की खबर से यात्रियों को फिलहाल रेलवे की ओर से नई तारीख की घोषणा का इंतजार है।