लंदन में आयोजित 79वें BAFTA Awards समारोह में हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। यह कार्यक्रम Royal Festival Hall, लंदन में आयोजित हुआ, जहां वैश्विक फिल्म जगत की कई बड़ी हस्तियां मौजूद रहीं। नवंबर 2025 में 89 वर्ष की आयु में उनके निधन के बाद यह पहला बड़ा अंतरराष्ट्रीय मंच था, जहां उन्हें औपचारिक रूप से याद किया गया।
BAFTA समारोह के दौरान ‘इन मेमोरियम’ सेगमेंट में धर्मेंद्र को अन्य विश्व प्रसिद्ध कलाकारों के साथ सम्मान दिया गया। इस दौरान ब्रिटिश सिंगर Jessie Ware ने बारबरा स्ट्रीसैंड के मशहूर गीत The Way We Were की प्रस्तुति दी। इसी दौरान स्क्रीन पर धर्मेंद्र के फिल्मी जीवन और उनके यादगार किरदारों की तस्वीरें दिखाई गईं, जिसने भारतीय फैंस को भावुक कर दिया। श्रद्धांजलि सेगमेंट में धर्मेंद्र के साथ कई अंतरराष्ट्रीय कलाकारों को भी याद किया गया, जिनमें Robert Duvall, Gene Hackman, Brigitte Bardot और Val Kilmer जैसे सितारों के नाम शामिल थे। इस सेगमेंट ने वैश्विक सिनेमा जगत में उनके योगदान को सम्मान देने का संदेश दिया।
धर्मेंद्र का निधन 24 नवंबर 2025 को हुआ था। उनके निधन पर भारत ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय फिल्म जगत में भी शोक की लहर फैल गई थी। उनकी अंतिम फिल्म इक्कीस 1 जनवरी 2026 को रिलीज हुई थी। BAFTA 2026 में दिया गया यह ट्रिब्यूट दर्शाता है कि धर्मेंद्र की विरासत सिर्फ भारतीय सिनेमा तक सीमित नहीं रही, बल्कि उन्होंने वैश्विक फिल्म जगत में भी अपनी अमिट छाप छोड़ी है।









