National

राहुल गांधी की सुल्तानपुर कोर्ट में पेशी आज, 2018 के मानहानि मामले में अंतिम मौका

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के लिए आज का दिन कानूनी रूप से अहम है। लगभग आठ वर्ष पुराने मानहानि मामले में उन्हें सुल्तानपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट में व्यक्तिगत रूप से पेश होना है। पिछली सुनवाई के दौरान अदालत ने स्पष्ट किया था कि यह उनकी उपस्थिति का अंतिम अवसर होगा।

यह मामला 2018 के कर्नाटक विधानसभा चुनाव प्रचार से जुड़ा है। आरोप है कि चुनावी रैली के दौरान राहुल गांधी ने तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष और वर्तमान गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इस बयान को लेकर सुल्तानपुर के भाजपा नेता विजय मिश्रा ने उनके खिलाफ मानहानि का परिवाद दायर किया था। शिकायत में कहा गया है कि राहुल गांधी की टिप्पणी से अमित शाह की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा।

19 जनवरी को हुई पिछली सुनवाई में राहुल गांधी अदालत में उपस्थित नहीं हुए थे, जिसके बाद कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया। न्यायाधीश ने 20 फरवरी को अनिवार्य रूप से पेश होकर बयान दर्ज कराने का निर्देश दिया था। राहुल गांधी इस मामले में पहले से जमानत पर हैं और उनका एक बयान पूर्व में दर्ज किया जा चुका है।