पंजाब के मोहाली जिले में उस समय हड़कंप मच गया जब कई निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित स्कूलों को खाली करा लिया और सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित घर भेज दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया तथा स्कूल परिसरों की गहन तलाशी शुरू कर दी गई। अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरे जिले के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। धमकी मिलने वाले स्कूलों में पेरागोल, दून इंटरनेशनल, गुरुकुल ग्लोबल, शिवालिक, लर्निंग पाथ, मिलेनियम, जीडी गोयनका, माइंड ट्री, विवेक हाई स्कूल और इश्हार सिंह स्कूल समेत करीब दस संस्थान शामिल बताए जा रहे हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. गिन्नी दुग्गल ने बताया कि ईमेल के जरिए मिली धमकी के बाद प्रशासन ने तुरंत सतर्कता बरतते हुए सभी स्कूल प्रबंधन को छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं उपायुक्त कोमल मित्तल के आदेश पर पुलिस टीमें जांच में जुटी हैं और ईमेल की जांच कर स्रोत का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें तथा आधिकारिक सूचना का इंतजार करें। जांच पूरी होने तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी जाएगी।









