कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में स्थित टम्बलर रिज सेकेंडरी स्कूल में हुई गोलीबारी की घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। इस हिंसक हमले में हमलावर समेत कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 अन्य घायल हुए हैं। घायलों में दो की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें एयरलिफ्ट कर अस्पताल भेजा गया है।
रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) के मुताबिक, स्कूल परिसर में दोपहर के समय अचानक फायरिंग शुरू हो गई, जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तत्काल ‘एक्टिव शूटर’ अलर्ट जारी किया और पूरे इलाके को घेर लिया। जब सुरक्षाकर्मी स्कूल के अंदर पहुंचे, तो उन्हें छह शव मिले। दो अन्य शव दूसरी जगह से बरामद किए गए, जबकि एक व्यक्ति की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
अधिकारियों ने पुष्टि की है कि संदिग्ध हमलावर भी मृत पाया गया है। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि उसने खुद को गोली मार ली। हालांकि पुलिस ने अभी तक उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की है। घटना में घायल 25 लोगों को स्थानीय मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया है। इनमें से अधिकांश खतरे से बाहर हैं, लेकिन दो लोगों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। मृतकों और घायलों में कितने छात्र और कितने वयस्क शामिल हैं, इस बारे में भी फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट कमांडर और RCMP सुपरिटेंडेंट केन फ्लॉयड ने बताया कि शूटर की पहचान कर ली गई है, लेकिन जांच पूरी होने तक नाम उजागर नहीं किया जाएगा। साथ ही, फायरिंग में इस्तेमाल किए गए हथियारों के बारे में भी कोई विवरण सामने नहीं आया है। घटना के दौरान स्कूल में मौजूद छात्रों ने भयावह हालात का सामना किया। ग्रेड 9 के एक छात्र ने बताया कि वह और उसके सहपाठी कक्षा के अंदर अलमारी के पीछे छिप गए थे, क्योंकि उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि बाहर क्या हो रहा है।
स्थिति पर काबू पाने के बाद शाम करीब 5:46 बजे एक्टिव शूटर अलर्ट हटा लिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। इस दुखद हादसे ने पूरे समुदाय को सदमे में डाल दिया है और स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।









