पंजाब सरकार की ओर से शुरू की गई 10 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज वाली स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत रोपड़ और फतेहगढ़ साहिब जिलों में विशेष बी.एल.ई. कैंप लगाए गए हैं। इन कैंपों में पात्र लोगों के बीमा कार्ड तैयार किए जा रहे हैं, लेकिन पूरी प्रक्रिया को लेकर सख्त दिशा-निर्देश लागू किए गए हैं।
प्रशासन ने साफ किया है कि इन कैंपों में केवल उन्हीं लोगों के कार्ड बनाए जाएंगे, जिनके पास पहले से जारी की गई पर्ची होगी। बिना पर्ची पहुंचने वाले किसी भी व्यक्ति का पंजीकरण नहीं किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, बी.एल.ई. खुद लाभार्थियों से संपर्क करेंगे और केवल तय सूची के अनुसार ही कार्ड बनाएंगे।
साथ ही कर्मचारियों को चेतावनी दी गई है कि यदि कोई भी बी.एल.ई. बिना पर्ची कार्ड बनाते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, कार्ड बनवाने के नाम पर किसी भी तरह की राशि लेने पर भी सख्त विभागीय कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार द्वारा पहले से चिन्हित गांवों में ही ये कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। यहां कार्ड बनाने की प्रक्रिया यूथ कोऑर्डिनेटरों की मदद से पूरी की जा रही है। बताया गया है कि एक दिन में जितनी पर्चियां जारी होंगी, उसी के अनुसार कार्ड बनाए जाएंगे। उदाहरण के तौर पर, यदि किसी दिन 10 पर्चियां दी गई हैं, तो केवल उन्हीं 10 लोगों का पंजीकरण किया जाएगा।
हालांकि, इस व्यवस्था को लेकर कुछ लोगों ने सवाल भी उठाए हैं। उनका कहना है कि सरकारी योजना होने के बावजूद आम नागरिक सीधे जाकर अपना पंजीकरण नहीं कर पा रहे, जिससे पारदर्शिता और समान अवसर को लेकर चिंताएं सामने आ रही हैं।









