Business

EPFO 3.0 की तैयारी पूरी, AI और नए पोर्टल के साथ बैंकिंग सिस्टम जैसा होगा PF दफ्तर

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अपने बड़े डिजिटल सुधार चरण EPFO 3.0 की शुरुआत के लिए तैयार है। इस नए फेज में एक नया पोर्टल, नया बैकएंड सॉफ्टवेयर और कोर बैंकिंग सॉल्यूशन लागू किया जाएगा, जिससे EPFO का कामकाज बैंकों की तरह केंद्रीकृत और आसान हो जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, EPFO 3.0 में AI-बेस्ड लैंग्वेज टूल्स जोड़े जाएंगे, जिनकी मदद से मेंबर्स अपनी मातृभाषा में जानकारी और समस्याओं का समाधान पा सकेंगे। इसके लिए सरकार के ‘भाषिणी’ जैसे लोकल लैंग्वेज प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया जाएगा।

नए सिस्टम के तहत मेंबर्स देश में कहीं से भी अपनी सेवाएं प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही, नए लेबर कोड लागू होने के बाद EPFO का दायरा फॉर्मल के साथ-साथ इनफॉर्मल, गिग और प्लेटफॉर्म वर्कर्स तक बढ़ाया जा सकता है। अधिकारियों के मुताबिक, EPFO 3.0 में संगठन का पूरा स्ट्रक्चर बदलेगा और कामकाज को भविष्य की जरूरतों के हिसाब से तैयार किया जाएगा। फिलहाल, EPFO के करीब 8 करोड़ सक्रिय सदस्य हैं और इसके पास 28 लाख करोड़ रुपये से अधिक का फंड है।

EPFO 3.0 के लिए आईटी प्लेटफॉर्म विकसित करने वाली कंपनी के चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जल्द ही टेंडर जारी किया जाएगा। इसके बाद इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट पर विकास कार्य शुरू होगा।