Sports

BCCI हटाएगा ए प्लस ग्रेड!, रोहित और कोहली की सैलरी में भारी कटौती

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अपने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में बड़ा बदलाव करने का फैसला किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अब बोर्ड ए प्लस ग्रेड को हटाने जा रहा है, जिसमें रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा शामिल हैं। इस ग्रेड के तहत खिलाड़ियों को सालाना 7 करोड़ रुपये मिलते थे, लेकिन अब केवल तीन कैटेगरीज – ए, बी और सी – ही रहेंगी।

रिपोर्ट्स की मानें तो रोहित शर्मा और विराट कोहली को बी ग्रेड में शिफ्ट किया जाएगा, जिससे उनकी सालाना सैलरी 7 करोड़ से घटकर 3 करोड़ रुपये रह जाएगी। रवींद्र जडेजा को भी संभावित रूप से बी ग्रेड में स्थानांतरित किया जा सकता है, जबकि बुमराह को ए ग्रेड में रखा जा सकता है। अगर बोर्ड ए ग्रेड के लिए 5 करोड़ रुपये सैलरी तय करता है तो बुमराह को भी 2 करोड़ का नुकसान हो सकता है।

वर्तमान में BCCI के 34 खिलाड़ियों में 6 ए ग्रेड, 5 बी ग्रेड और 19 सी ग्रेड के खिलाड़ी हैं। ए प्लस ग्रेड में पहले 4 खिलाड़ी थे। ए ग्रेड में मोहम्मद सिराज, केएल राहुल, शुभमन गिल, हार्दिक पंड्या, मोहम्मद शमी और ऋषभ पंत हैं। बी ग्रेड में सूर्यकुमार यादव, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, यशस्वी जायसवाल और श्रेयस अय्यर शामिल हैं। इस बदलाव का असर भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ियों की आमदनी पर साफ तौर पर देखने को मिलेगा।