Punjab

अकाल तख़्त जत्थेदार ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को सिख मामलों में स्पष्टीकरण के लिए तलब किया

श्री अकाल तख़्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को तलब करने के पीछे के कारण स्पष्ट किए हैं। जत्थेदार ने कहा कि मुख्यमंत्री के हाल के कुछ बयान और गतिविधियां सिख मर्यादा, गुरु की गोलक और अकाल तख़्त की सर्वोच्चता के खिलाफ मानी गई हैं, इसलिए उनसे स्पष्टीकरण जरूरी हो गया है।

ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने आरोप लगाया कि संवैधानिक पद पर रहते हुए मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए कुछ बयान सिख विरोधी दृष्टिकोण और सत्ता के अहंकार को दर्शाते हैं। वायरल वीडियो में मुख्यमंत्री को सिख गुरुओं और भिंडरावाले की तस्वीरों के साथ आपत्तिजनक गतिविधियों में दिखाया गया, जिससे सिख संगत में भारी रोष फैला।

जत्थेदार ने 2015 के बरगाड़ी बेअदबी मामले और 2017 के मौड़ बम धमाके का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि अब तक सिखों को न्याय क्यों नहीं मिला। बरगाड़ी मामले में आरोपी प्रदीप कलेर ने अदालत में राम रहीम और हनीप्रीत की भूमिका स्वीकार की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी तरह मौड़ बम धमाके में भी डेरा सिरसा की कड़ियों के बावजूद कार्रवाई न होना गंभीर सवाल है। इन सभी मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान को अकाल तख़्त सचिवालय में बुलाया गया है, ताकि सिख संगत के सामने स्थिति स्पष्ट की जा सके और जरूरी स्पष्टीकरण लिया जा सके।