National World

जापान के विदेश मंत्री मोतेगी का तीन दिवसीय भारत दौरा, रणनीतिक और आर्थिक सहयोग पर चर्चा होगी

जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी 15 जनवरी से 17 जनवरी तक तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर भारत आ रहे हैं। यह दौरा भारत–जापान के द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है। आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, मोतेगी गुरुवार रात 9:50 बजे दिल्ली पहुंचेंगे। उनका स्वागत आईजीआई एयरपोर्ट, टर्मिनल-3 के सेरेमोनियल लाउंज में किया जाएगा।

16 जनवरी, शुक्रवार को जापान के विदेश मंत्री भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से हैदराबाद हाउस में मुलाकात करेंगे। बैठक में रणनीतिक साझेदारी, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। 17 जनवरी, शनिवार को मोतेगी सुबह राजघाट पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद वे दिल्ली मेट्रो का दौरा करेंगे, जिसे भारत–जापान सहयोग का महत्वपूर्ण उदाहरण माना जाता है।

मोतेगी का यह दौरा भारत और जापान के बीच आर्थिक, रणनीतिक और तकनीकी सहयोग को नई गति देने में महत्वपूर्ण साबित होगा। वे शनिवार शाम 6:55 बजे दिल्ली से स्वदेश के लिए रवाना होंगे।