केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मध्य प्रदेश के शिवपुरी में आयोजित कार्यक्रम में ऐलान किया कि जून 2026 तक देश के हर गांव में 4G नेटवर्क उपलब्ध होगा। इस कदम से ग्रामीण इलाकों में इंटरनेट और कॉल कनेक्टिविटी में सुधार होगा और डिजिटल इंडिया मिशन को नई गति मिलेगी। सिंधिया ने बताया कि भारत में 120 करोड़ से ज्यादा मोबाइल यूजर्स हैं, और हर गांव में 4G पहुंचने से ग्रामीण जनता को तेज इंटरनेट, डिजिटल पेमेंट, वीडियो कॉल और ई-गवर्नेंस जैसी सेवाओं का सीधा लाभ मिलेगा। इससे डिजिटल और शहरी भारत के बीच की दूरी कम होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने यह भी बताया कि भारत पोस्ट और कृषि विभाग के बीच दो महत्वपूर्ण समझौते हुए हैं। पहला समझौता उर्वरकों की रियल टाइम निगरानी और वितरण में पारदर्शिता लाने के लिए है, जबकि दूसरा ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर केंद्रित है। सिंधिया ने कहा कि तेज इंटरनेट से किसान बाजार की सही जानकारी ले सकेंगे और उत्पाद बेहतर दाम पर बेच सकेंगे। महिलाएं डिजिटल भुगतान और ऑनलाइन सेवाओं के जरिए नए रोजगार के अवसर पा सकेंगी। ये कदम ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर और डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में अहम साबित होंगे।









