National

28 जनवरी से शुरू होगा संसद का बजट सत्र, बजट डे पर सस्पेंस बरकरार

सरकार ने संसद का बजट सत्र 28 जनवरी से 2 अप्रैल, 2026 तक दो चरणों में आयोजित करने का प्रस्ताव मंजूर किया है। पहला चरण 28 जनवरी से 13 फरवरी तक चलेगा, इसके बाद अवकाश रहेगा। दूसरे चरण की शुरुआत 9 मार्च से होगी और सत्र 2 अप्रैल को समाप्त होगा। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इस जानकारी की पुष्टि अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर की। हालांकि, आम बजट पेश करने की तारीख को लेकर अभी सस्पेंस बरकरार है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह एक फरवरी को पेश किया जा सकता है, लेकिन इस बार यह दिन रविवार है। रिजिजू के पोस्ट में भी बजट डे का स्पष्ट जिक्र नहीं है। पारंपरिक रूप से, बजट सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति के अभिभाषण और आर्थिक सर्वेक्षण से होती है। इसके अगले दिन आमतौर पर बजट पेश किया जाता है। सत्र के पहले चरण में धन्यवाद प्रस्ताव और बजट पर चर्चा होती है, जबकि अवकाश के दौरान संसद की समितियां मंत्रालय-वार बजट पर विस्तार से चर्चा करती हैं। दूसरे चरण में वित्त विधेयक और अनुदान मांगों पर चर्चा कर उन्हें पारित किया जाता है।