देश की स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ा कदम उठाते हुए आज यानी 2 जनवरी 2026 से नोएडा में भारत का पहला आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) क्लीनिक शुरू हो चुका है। ग्रेटर नोएडा स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (GIMS) में सेंटर फॉर मेडिकल इनोवेशन की ओर से इस अत्याधुनिक क्लीनिक की स्थापना की जा गई है। इस AI क्लीनिक का मुख्य उद्देश्य डॉक्टरों और हेल्थ टेक स्टार्टअप्स को एक साझा मंच प्रदान करना है, जहां एआई आधारित चिकित्सा समाधानों का परीक्षण और विकास किया जा सके।
इसके जरिए GIMS को देश में AI आधारित स्वास्थ्य नवाचार के एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। क्लीनिक का संचालन अनुभवी भारतीय और विदेशी चिकित्सकों की निगरानी में किया जाएगा। AI क्लीनिक के तहत हर महीने डॉक्टरों और स्टार्टअप्स के बीच सहयोगात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही वास्तविक मरीजों पर एआई तकनीक का परीक्षण किया जाएगा, ताकि इसके व्यावहारिक उपयोग को परखा जा सके।
मरीजों की सुरक्षा, डाटा गोपनीयता और नैतिक AI उपयोग को इस पहल में सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल न केवल स्वास्थ्य सेवाओं में तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देगी, बल्कि भविष्य की चिकित्सा व्यवस्था को अधिक सटीक, तेज और प्रभावी बनाने की दिशा में एक अहम कदम साबित होगी।









