Gujrat Maharashtra Technology

बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट को बड़ी कामयाबी: पालघर में पहली पहाड़ी सुरंग का सफल ब्रेकथ्रू

भारत के पहले बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर ली है। मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के तहत महाराष्ट्र के पालघर जिले में पहली पहाड़ी सुरंग का सफल ब्रेकथ्रू किया गया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस उपलब्धि को परियोजना के लिए एक बड़ा मील का पत्थर बताते हुए कहा कि इससे महाराष्ट्र में बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के निर्माण को नई गति मिलेगी। रेल मंत्रालय के अनुसार, माउंटेन टनल-5 (MT-5) इस परियोजना में बनने वाली सात पहाड़ी सुरंगों में सबसे लंबी और पहली है, जिसकी लंबाई लगभग 1.48 किलोमीटर है। यह सुरंग कठिन पहाड़ी भूगर्भीय संरचना को पार करते हुए बनाई गई है और इसे अब तक की सबसे चुनौतीपूर्ण इंजीनियरिंग उपलब्धियों में से एक माना जा रहा है।

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना की कुल लंबाई 508 किलोमीटर है, जिसमें करीब 27.4 किलोमीटर का हिस्सा सुरंगों से होकर गुजरेगा। इनमें 21 किलोमीटर भूमिगत और 6.4 किलोमीटर सतही सुरंगें शामिल हैं। इससे पहले सितंबर 2025 में ठाणे से बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) के बीच लगभग 5 किलोमीटर लंबी पहली अंडरग्राउंड सुरंग पूरी की जा चुकी है। पालघर की यह पहाड़ी सुरंग तकनीकी रूप से बेहद चुनौतीपूर्ण रही, क्योंकि यहां कठोर चट्टानों और सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए निर्माण किया गया।