National

तीन दिवसीय दौरे पर अंडमान-निकोबार जाएंगे अमित शाह, सुरक्षा और विकास पर रहेगा फोकस

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज से अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंच रहे हैं। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य गृह मंत्रालय से जुड़ी संसदीय सलाहकार समिति की अहम बैठक की अध्यक्षता करना है, जिसमें राष्ट्रीय सुरक्षा और आंतरिक मामलों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। अधिकारियों के मुताबिक अमित शाह आज रात करीब 9:30 बजे वीर सावरकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे, जहां उपराज्यपाल एडमिरल (सेवानिवृत्त) डी.के. जोशी और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उनका स्वागत करेंगे। यह दौरा 2 से 4 जनवरी तक चलेगा।

3 जनवरी को वांडूर में संसदीय सलाहकार समिति की बैठक आयोजित होगी, जिसमें गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय समेत कई सांसद शामिल होंगे। इसी दिन अमित शाह डॉ. बी.आर. अंबेडकर प्रौद्योगिकी संस्थान (DBRAIT) के सभागार में नए भारतीय न्याय संहिता (BNS) पर आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे। इसके अलावा, आईटीएफ ग्राउंड या नेताजी स्टेडियम में उनकी एक जनसभा को संबोधित करने की भी संभावना है।

इस बीच, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान भी आज अंडमान पहुंच रहे हैं। वे कार निकोबार और अंडमान-निकोबार कमांड का दौरा करेंगे और रक्षा अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। दोनों उच्चस्तरीय दौरों को देखते हुए दक्षिण अंडमान जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। हवाई अड्डे, स्टेडियम और अन्य प्रमुख स्थानों पर ड्रोन उड़ानों सहित हवाई गतिविधियों पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया है।