उन्नाव रेप मामले में पूर्व भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा सशर्त जमानत दिए जाने के फैसले पर लगातार विरोध तेज हो रहा है। शुक्रवार को इस फैसले के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट के बाहर प्रदर्शन किया गया, जहां बड़ी संख्या में महिला संगठनों ने आदेश को न्याय के खिलाफ बताया। पीड़िता की मां ने फैसले पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि वह न्याय के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगी।
दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा सेंगर की सजा निलंबित किए जाने के आदेश को चुनौती देने वाली तीसरे पक्ष की याचिका आज सुप्रीम कोर्ट में मेंशन की जाएगी। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ से हाईकोर्ट के आदेश पर रोक लगाने की मांग की जाएगी। इसके बाद यह तय होगा कि सेंगर जेल से बाहर आएगा या हिरासत में ही रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान जनवादी महिला समिति और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि एक गंभीर अपराध में दोषी व्यक्ति को राहत देना महिलाओं के खिलाफ गलत संदेश देता है। सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका में कहा गया है कि ट्रायल कोर्ट ने सेंगर को उम्रकैद की सजा दी थी और उसके आपराधिक इतिहास को नजरअंदाज कर हाईकोर्ट ने गंभीर कानूनी चूक की है।









