National

भारतीय रेलवे ने बढ़ाया किराया: जनरल से लेकर एसी क्लास तक यात्रियों को चुकाने होंगे ज्यादा पैसे

भारतीय रेलवे ने 26 दिसंबर 2025 से यात्रियों के किराए में बढ़ोतरी की घोषणा की है। नए बदलाव के तहत 215 किलोमीटर से अधिक की यात्रा के लिए साधारण श्रेणी में 1 पैसा प्रति किलोमीटर और मेल/एक्सप्रेस की नॉन-एसी एवं एसी श्रेणियों में 2 पैसे प्रति किलोमीटर बढ़ोतरी की गई है। रेलवे का अनुमान है कि इस बदलाव से 600 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व मिलेगा। रेलवे के अनुसार, पिछले 10 वर्षों में नेटवर्क और ट्रेनों में विस्तार हुआ है, साथ ही कर्मचारियों की संख्या और उनके वेतन व भत्तों में भी वृद्धि हुई है। वर्तमान में रेलवे का मैनपावर खर्च 1.15 लाख करोड़ रुपये तक पहुँच गया है, जबकि पेंशन का वार्षिक खर्च 60 हजार करोड़ रुपये तक है।

कुल ऑपरेशन खर्च (2024-25) 2.63 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। रेलवे ने यह भी बताया कि सुरक्षा उपायों और बेहतर संचालन के कारण सेफ्टी में सुधार हुआ है। भारत अब दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा माल ढोने वाला रेल नेटवर्क बन चुका है। त्योहारों के दौरान 12 हजार से ज्यादा ट्रेनों का सफल संचालन इसका उदाहरण है। रेलवे ने कहा है कि बढ़ते खर्चों को संतुलित करने के लिए यात्रियों के किराए में सीमित बढ़ोतरी की गई है, जबकि माल ढुलाई को बढ़ाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।