उत्तर प्रदेश विधानसभा सत्र से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (एसपी) पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कोडिन कफ सिरप मामले में पकड़े गए आरोपियों के संबंध सीधे एसपी से जुड़े पाए गए हैं। सीएम योगी ने बताया कि कोडिन फॉस्फेट एनडीपीएस के तहत आने वाली औषधि है, जो गंभीर खांसी के लिए इस्तेमाल होती है, लेकिन इसका अवैध दुरुपयोग और तस्करी के मामले सामने आए हैं। इस पर यूपी पुलिस, एफएसडीए और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई चल रही है।
सीएम ने कहा कि अब तक इस मामले में बड़ी संख्या में गिरफ्तारी हुई है और पकड़े गए माफियाओं के संबंध एसपी से सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि एसआईटी निगरानी कर रही है और अवैध लेनदेन और धन के प्रवाह की जांच की जा रही है। योगी ने चेतावनी दी कि पूरी रिपोर्ट आने के बाद सच सामने आएगा। उन्होंने यह भी कहा कि फोटो और सबूतों से साफ होगा कि माफियाओं के साथ एसपी की कथित संलिप्तता है। सीएम ने विधानसभा में मामले की चर्चा पर कहा कि सत्र में तत्काल कार्रवाई संभव नहीं, लेकिन बाहरी मंच पर मुद्दे को उठाकर स्पष्ट जवाब दिया जाएगा। इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ गई है।









