राज्य चयन आयोग ने टीजीटी आर्ट्स पोस्ट कोड 25001 के तहत भरे जाने वाले पदों के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) का शेड्यूल जारी कर दिया है। यह परीक्षा 12 से 16 जनवरी के बीच आयोजित की जाएगी, जिसमें 17 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। आयोग की ओर से परीक्षा से लगभग एक सप्ताह पहले अभ्यर्थियों के रोल नंबर और एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे। परीक्षा प्रतिदिन तीन शिफ्टों में आयोजित होगी। पहली शिफ्ट सुबह 8:30 से 10:30 बजे तक, दूसरी शिफ्ट दोपहर 12 से 2 बजे तक और तीसरी शिफ्ट शाम 3:30 से 5:50 बजे तक होगी। आयोग ने अभ्यर्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
वहीं, टीजीटी नॉन मेडिकल की परीक्षा 25, 26 और 27 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। इसके लिए अभ्यर्थियों के रोल नंबर और एडमिट कार्ड 18 दिसंबर को शाम पांच बजे के बाद आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दिए जाएंगे। टीजीटी मेडिकल की परीक्षा का गुरुवार को अंतिम दिन रहा, जिसमें 12,866 अभ्यर्थियों को कॉल लेटर जारी किए गए थे। इनमें से 11,194 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। राज्य चयन आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और सुव्यवस्थित बताया।









