Apple ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को नई दिशा देने के लिए भारतीय मूल के अनुभवी शोधकर्ता अमर सुब्रमण्यम को अपने AI विभाग का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। वे जॉन गियानंद्रिया की जगह लेंगे और कंपनी के फाउंडेशन मॉडल, मशीन लर्निंग रिसर्च और अन्य प्रमुख AI प्रोजेक्ट्स का नेतृत्व करेंगे। सुब्रमण्यम सीधे Apple के सॉफ्टवेयर प्रमुख क्रेग फेडेरिघी को रिपोर्ट करेंगे।
Apple लंबे समय से AI की रेस में प्रतिस्पर्धियों, खासकर सैमसंग और अन्य टेक कंपनियों की तुलना में पीछे माना जाता रहा है। अब कंपनी अपने डिवाइस और सर्विसेज में उन्नत AI फीचर्स जोड़कर इस अंतर को पाटना चाहती है। इस मिशन को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी अब सुब्रमण्यम संभालेंगे।
सुब्रमण्यम का अनुभव बेहद समृद्ध है। वे हाल ही में Microsoft में AI के कॉर्पोरेट उपाध्यक्ष थे, जबकि Google में उन्होंने 16 साल तक काम किया और जेमिनी असिस्टेंट के इंजीनियरिंग प्रमुख भी रहे। Apple का कहना है कि उनका यह अनुभव कंपनी के भविष्य के AI नवाचारों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगा। CEO टिम कुक ने भी उन्हें “असाधारण AI विशेषज्ञ” बताते हुए भरोसा जताया कि वे Apple की रणनीति को नई ऊँचाइयों पर ले जाएंगे। उनके लिंक्डइन के अनुसार, सुब्रमण्यम ने बैंगलोर यूनिवर्सिटी से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और बाद में वॉशिंगटन यूनिवर्सिटी से पीएचडी पूरी की।









