महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले ने प्रशासन और सार्वजनिक सुरक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लागू करने वाला देश का पहला जिला बनकर इतिहास रच दिया है। 1 मई 2025 से जिले के आठ प्रमुख विभागों में AI सिस्टम ‘MARVEL’ का संचालन शुरू हो गया। MARVEL हथियार पहचान, भीड़ गिनना और खतरे का अनुमान लगाने जैसी क्षमताओं से प्रशासन को आतंकी हमलों, भगदड़ों या बड़े हादसों से पहले तैयारी करने में मदद करता है। इस पहल के पीछे 2013 बैच के IPS अधिकारी हर्ष ए. पोद्दार हैं, जो वर्तमान में नागपुर ग्रामीण के SP हैं।
हर्ष ने नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ ज्यूरिडिकल साइंसेज, कोलकाता से लॉ किया और Chevening स्कॉलरशिप के जरिए ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से इंटरनेशनल एंड कॉन्स्टिट्यूशनल लॉ में LLM किया। इसके बाद हार्वर्ड के पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में मास्टर्स करने के बाद, उन्होंने ब्रिटेन की मल्टीनेशनल लॉ फर्म में दो साल तक वकालत की। 2011 में भारत लौटकर उन्होंने UPSC की तैयारी की और 2013 में IPS अधिकारी के रूप में सिलेक्शन पाया। MARVEL की मदद से सिंधुदुर्ग अब AI मॉनिटरिंग के जरिए सुरक्षा और प्रशासन में दक्षता और पारदर्शिता बढ़ाने वाला देश का पहला जिला बन गया है।









