Religion

सनातन परंपरा में धर्म ध्वज का महत्व: ध्वज से जानें किस देवता का मंदिर

सनातन परंपरा में धर्म ध्वज को अत्यंत पवित्र और शक्तिशाली प्रतीक माना गया है। माना जाता है कि किसी मंदिर के शिखर पर फहराया गया ध्वज वहां विराजमान देवी-देवता की उपस्थिति का संकेत देता है। इसलिए यदि मंदिर पर देवता का नाम न भी लिखा हो, तो ध्वज के रंग और चिन्ह देखकर मुख्य देवता की पहचान की जा सकती है। हिंदू मान्यता है कि मंदिर के ध्वज और शिखर का दर्शन मात्र करने से भी मनुष्य को आध्यात्मिक शांति और पुण्य की प्राप्ति होती है।

हर देवता का ध्वज अलग होता है—जैसे भगवान गणेश की ध्वजा सफेद रंग की होती है जिसमें मूषक का चिन्ह होता है। भगवान शिव की वृषभ ध्वजा भी सफेद रंग की होती है और उस पर बैल अंकित होता है। हनुमान जी की पहचान केसरिया ध्वज है जिसमें गदा और उनकी आकृति दिखाई देती है। भगवान विष्णु का ध्वज पीले रंग का होता है और उस पर गरुण का प्रतीक होता है। देवी दुर्गा की ध्वजा लाल रंग की होती है और उस पर सिंह का चिन्ह बनाया जाता है। इसी प्रकार कार्तिकेय की ध्वजा पर मयूर और ब्रह्मा जी की ध्वजा पर हंस का प्रतीक होता है। मान्यता यह भी है कि यदि किसी कारण से भक्त मंदिर में प्रवेश न कर पाए, तो केवल शिखर और ध्वज के दर्शन से भी देवदर्शन का पुण्यफल प्राप्त हो जाता है।