Sports

शुभमन गिल की चोट ने बढ़ाई चिंता, दूसरे टेस्ट के लिए नीतीश कुमार रेड्डी टीम में शामिल

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच जारी टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। पहले कोलकाता टेस्ट के दौरान भारतीय कप्तान शुभमन गिल गर्दन में खिंचाव की वजह से चोटिल हो गए थे। बल्लेबाजी के दौरान चौका लगाने के तुरंत बाद उनकी गर्दन और पीठ में तेज दर्द उठा, जिसके बाद फिजियो उन्हें मैदान से बाहर ले गए। बाद में उन्हें कोलकाता के वुडलैंड्स अस्पताल में भर्ती कराया गया और मंगलवार शाम उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। हालांकि उनकी उपलब्धता पर अभी भी संशय बना हुआ है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार गिल दूसरे टेस्ट, जो 22 नवंबर से गुवाहटी में खेला जाना है, से बाहर हो सकते हैं। इसी संभावना को देखते हुए टीम प्रबंधन ने ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी को टीम में शामिल कर लिया है। रेड्डी दक्षिण अफ्रीका-ए के खिलाफ इंडिया-ए की वनडे सीरीज का हिस्सा थे, लेकिन उन्हें सोमवार की शाम सीनियर टीम से जुड़ने का संदेश मिला। वे गुवाहटी के लिए उड़ान भर रहे हैं। हालांकि वह प्लेइंग इलेवन में शामिल होंगे या नहीं, यह शुभमन गिल की फिटनेस रिपोर्ट पर निर्भर करेगा।

गिल टीम के साथ गुवाहटी यात्रा करेंगे और बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है। पहले यह चर्चा थी कि उन्हें विशेषज्ञ डॉक्टर को दिखाने के लिए मुंबई भेजा जा सकता है, लेकिन बाद में यह योजना रद्द कर दी गई। टीम प्रबंधन चाहता है कि गिल दूसरे टेस्ट में खेलें, इस वजह से अंतिम फैसला मैच से एक दिन पहले लिया जाएगा। अब नजरें इस पर टिकी हैं कि क्या वे समय पर फिट होकर टीम का नेतृत्व कर पाएंगे।