Sports

विराट और रोहित को वनडे टीम में बने रहने के लिए माननी होगी BCCI की ये शर्त!

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच हाल ही में खत्म हुई वनडे सीरीज के बाद अब टीम इंडिया साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में उतरने वाली है। इस टीम में विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे सीनियर खिलाड़ी भी हो सकते हैं, लेकिन बीसीसीआई ने साफ कर दिया है कि भविष्य में वनडे टीम में बने रहने के लिए उन्हें घरेलू क्रिकेट में हिस्सा लेना होगा। अब सिर्फ नाम या अनुभव से टीम में जगह नहीं मिलेगी।

रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई ने कहा है कि अगर विराट और रोहित 2027 के विश्व कप और आगे की वनडे सीरीज में टीम में बने रहना चाहते हैं, तो उन्हें विजय हजारे ट्रॉफी 2025 में खेलना होगा। विजय हजारे ट्रॉफी 24 दिसंबर से शुरू हो रही है। जबकि साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज 30 नवंबर से है, इसलिए इस आदेश का असर फिलहाल उस सीरीज पर नहीं होगा। लेकिन जनवरी 2026 में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली अगली वनडे सीरीज में खिलाड़ियों का चयन घरेलू प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।

इस आदेश के बाद रोहित शर्मा ने घरेलू क्रिकेट खेलने की इच्छा जताई है और उन्होंने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन को अपनी उपलब्धता भेज दी है। वह सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी दोनों में खेल सकते हैं। वहीं विराट कोहली का फैसला अभी स्पष्ट नहीं है। टीम इंडिया के दोनों स्टार बल्लेबाज टेस्ट और टी20 से संन्यास ले चुके हैं और केवल वनडे में सक्रिय हैं। बीसीसीआई का यह निर्देश उनके फिटनेस और फॉर्म को जांचने के उद्देश्य से है ताकि वे भविष्य में टीम के लिए लगातार प्रदर्शन कर सकें।