Sports

ऋषभ पंत की टीम इंडिया में वापसी, साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए टीम घोषित

बीसीसीआई ने बुधवार को साउथ अफ्रीका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी। इंग्लैंड के खिलाफ चोटिल होने के बाद विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत की टेस्ट टीम में शानदार वापसी हुई है। पंत को उप-कप्तान की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। फिलहाल वे इंडिया-ए टीम की कप्तानी कर रहे हैं। भारत और मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियन साउथ अफ्रीका के बीच यह सीरीज 14 नवंबर से शुरू होगी। पहला मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट 22 नवंबर से गुवाहाटी में होगा।

टीम चयन में एक बार फिर अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को नजरअंदाज किया गया है, जबकि बंगाल के लिए रणजी ट्रॉफी में बेहतरीन प्रदर्शन के बावजूद उन्हें टीम में जगह नहीं मिली। प्रसिद्ध कृष्णा को भी चयनकर्ताओं ने टीम में शामिल नहीं किया है।

भारत की टेस्ट टीम: शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (उप-कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरैल, रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, नितीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव और आकाश दीप।