मुंबई के पवई इलाके से गुरुवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां एक मानसिक रूप से अस्थिर व्यक्ति ने करीब 20 बच्चों को बंधक बना लिया. यह घटना आरए स्टूडियो की पहली मंजिल पर हुई, जहां बच्चे ऑडिशन के लिए पहुंचे थे. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और आरोपी रोहित आर्या को गिरफ्तार कर लिया। सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है.
जानकारी के मुताबिक, स्टूडियो में पिछले कई दिनों से बच्चों के ऑडिशन चल रहे थे. गुरुवार को करीब 100 बच्चे पहुंचे थे, जिनमें से आरोपी ने 80 को घर भेज दिया और बाकी 20 को एक कमरे में बंद कर लिया. बच्चे जब खिड़की से मदद के संकेत देने लगे, तो बाहर हंगामा मच गया. मौके पर पहुंची पुलिस ने सूझबूझ से काम लेते हुए आरोपी से बातचीत की और बिना किसी नुकसान के सभी बच्चों को छुड़ा लिया.
पूछताछ में रोहित आर्या ने बताया कि वह एक यूट्यूब चैनल चलाता है और उस दिन आत्महत्या करने की सोच रहा था, लेकिन अचानक बच्चों को बंधक बनाने का निर्णय लिया. पुलिस का कहना है कि आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा है, जिसकी मेडिकल जांच कराई जा रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले दस दिनों से इस स्टूडियो में ऑडिशन चल रहे थे. पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.









