भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच कैनबरा में खेला गया पहला टी20 मैच बारिश के चलते रद्द कर दिया गया. शुरू में 2 ओवर की कटौती की गई थी, लेकिन फिर बारिश लगातार होने के कारण मैच को दोबारा शुरू नहीं किया जा सका. ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. भारत की पारी की शुरुआत शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा ने की. दोनों ने पहले 3.5 ओवर में 35 रन जोड़कर पहला विकेट साझा किया. हालांकि, अभिषेक शर्मा 14 गेंदों पर 19 रन बनाकर नाथन एलिस के शिकार बने.
इसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बैटिंग संभाली और शानदार फॉर्म में नजर आए. सूर्या ने 24 गेंदों में 39 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 2 छक्के शामिल थे. शुभमन गिल भी नाबाद रहे और 20 गेंदों पर 27 रन बनाकर टीम के स्कोर को मजबूत किया. दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी की थी. भारत ने 9.4 ओवर में 1 विकेट पर 97 रन बना लिए थे, लेकिन इसी समय बारिश फिर से शुरू हो गई. काफी इंतजार के बाद मैच को रद्द कर दिया गया. इस तरह भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला टी20 मैच बिना कोई परिणाम के समाप्त हो गया.









