एडिलेड में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 2 विकेट से हराकर तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी कंगारू टीम ने भारत को 50 ओवरों में 9 विकेट पर 264 रन पर रोक दिया और लक्ष्य को 8 विकेट गंवाकर हासिल कर लिया।
भारत के खिलाफ पिछले छह वनडे सीरीज में यह ऑस्ट्रेलिया की चौथी सीरीज जीत है।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से मैथ्यू शॉर्ट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 78 गेंदों में 74 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल थे। शॉर्ट के आउट होने के बाद कूपल कॉनोली और मिचेल ओवन ने छठे विकेट के लिए 59 रन की अहम साझेदारी की और टीम को जीत की राह पर ला दिया।
ओवन ने 23 गेंदों में 36 रन बनाए, जबकि कॉनोली ने नाबाद 61 रन की मैच-विनिंग पारी खेली। उन्होंने 53 गेंदों में 5 चौके और 1 छक्का जड़ा — जो उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी रही।
भारत की ओर से हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और वॉशिंगटन सुंदर ने 2-2 विकेट लिए, जबकि मोहम्मद सिराज और अक्षर पटेल को 1-1 सफलता मिली।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की शुरुआत बेहद खराब रही। महज 17 रन के स्कोर पर कप्तान शुभमन गिल और विराट कोहली पवेलियन लौट गए। कोहली इस मुकाबले में भी खाता नहीं खोल पाए।
हालांकि, रोहित शर्मा ने इस बार संभलकर खेलते हुए 97 गेंदों में 73 रन बनाए। उनकी पारी में 7 चौके और 2 छक्के शामिल थे। तीसरे विकेट के लिए श्रेयस अय्यर के साथ 118 रन की साझेदारी ने भारत की पारी को संभाला। अय्यर ने 77 गेंदों में 61 रन बनाए।
मध्यक्रम में अक्षर पटेल ने 41 गेंदों में 44 रन की तेज पारी खेली, जबकि अंत में हर्षित राणा (24 रन, 18 गेंद) और अर्शदीप सिंह (13 रन, 14 गेंद) की छोटी लेकिन अहम पारियों की बदौलत टीम इंडिया ने 264 रन का स्कोर खड़ा किया।
अब दोनों टीमें सीरीज के तीसरे और आखिरी वनडे के लिए आमने-सामने होंगी, जहां भारत सम्मान बचाने की कोशिश करेगा।









