अमेरिका ने पूर्वी प्रशांत महासागर में कथित तौर पर मादक पदार्थ ले जा रही एक नौका पर हमला किया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। यह आठवां ऐसा हमला है, जो पिछले महीने से जारी अभियान का हिस्सा है। अब तक इन हमलों में कम से कम 34 लोग मारे जा चुके हैं।
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने बताया कि यह अभियान दक्षिण अमेरिका में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन की नीति के अनुरूप चलाया जा रहा है। हेगसेथ ने कहा, “जैसे अल-कायदा ने हमारे देश के खिलाफ युद्ध छेड़ा था, वैसे ही मादक पदार्थ तस्करी के गिरोह हमारे लोगों के खिलाफ युद्ध कर रहे हैं। इन्हें न शरण मिलेगी, न माफी — केवल सजा मिलेगी।”
राष्ट्रपति ट्रंप ने इन हमलों को उचित ठहराते हुए कहा कि अमेरिका मादक पदार्थ गिरोहों के साथ “सशस्त्र संघर्ष” में है और इन्हें गैर-कानूनी लड़ाके घोषित किया जा रहा है। अमेरिका ने हाल के महीनों में कैरिबियाई और वेनेजुएला तटों पर अपनी सैन्य उपस्थिति भी बढ़ाई है।









