Delhi

दिल्ली के रोहिणी में बड़ा एनकाउंटर: बिहार के चार खूंखार अपराधी ढेर, सरगना रंजन पाठक भी शामिल

नई दिल्ली, 23 अक्टूबर 2025। राजधानी दिल्ली के रोहिणी इलाके में गुरुवार तड़के पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में बिहार के चार वांछित अपराधी मारे गए हैं। मारे गए अपराधियों में कुख्यात गिरोह सरगना रंजन पाठक भी शामिल है। यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई, जिसने बिहार में सक्रिय एक बड़े आपराधिक नेटवर्क को करारा झटका दिया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह मुठभेड़ रोहिणी के बहादुर शाह मार्ग पर डॉ. अंबेडकर चौक और पंसाली चौक के बीच सुबह करीब 2:20 बजे हुई। आरोपियों के पास से हथियार बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि ये अपराधी आगामी बिहार विधानसभा चुनाव से पहले किसी बड़ी आपराधिक वारदात की योजना बना रहे थे।

संयुक्त अभियान के दौरान जब पुलिस ने अपराधियों को घेरने की कोशिश की, तो उन्होंने पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें चारों आरोपी घायल हो गए। बाद में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मारे गए अपराधियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
1️⃣ रंजन पाठक (25) – पुत्र मनोज पाठक, निवासी मल्हाई, थाना सुरसंड, सीतामढ़ी, बिहार
2️⃣ विमलेश महतो उर्फ विमलेश साहनी (25) – निवासी रतनपुर, थाना बाजपट्टी, सीतामढ़ी, बिहार
3️⃣ मनीष पाठक (33) – निवासी मल्हाई, थाना सुरसंड, सीतामढ़ी, बिहार
4️⃣ अमन ठाकुर (21) – पुत्र संजीव ठाकुर, निवासी शेरपुर, करावल नगर, दिल्ली

पुलिस सूत्रों ने बताया कि रंजन पाठक-मनीष पाठक गिरोह बिहार और आसपास के राज्यों में हत्या, जबरन वसूली और अवैध कारोबार में सक्रिय था। यह गिरोह लंबे समय से पुलिस के रडार पर था और इसके खिलाफ कई जिलों में मामले दर्ज हैं।