अमृतसर: पंजाब पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने एक बड़ी आतंकवादी साजिश को नाकाम कर दिया है। अमृतसर से दो युवकों को एंटी-टैंक रॉकेट लॉन्चर के साथ गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महकदीप सिंह उर्फ महक और आदित्य उर्फ आधी के रूप में हुई है। दोनों की उम्र 18 से 19 साल के बीच बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, ये दोनों हरप्रीत सिंह उर्फ विक्की के लिए काम कर रहे थे, जो इस समय फिरोजपुर जेल में बंद है।
पंजाब के डीजीपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर जानकारी दी कि यह रॉकेट लॉन्चर एक बड़े आतंकी हमले के लिए मंगवाया गया था। बताया जा रहा है कि विक्की ने ही ISI से संपर्क कर ड्रोन के जरिए यह हथियार मंगवाया था।
पुलिस अब जेल में बंद विक्की से पूछताछ की तैयारी कर रही है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में कुछ और गिरफ्तारियां हो सकती हैं, जिससे एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश संभव है।









