Sports

रणजी ट्रॉफी में धमाका: अभिनव तेजराणा ने डेब्यू मैच में जड़ा दोहरा शतक, बनाया इतिहास

गोवा के बल्लेबाज अभिनव तेजराणा ने रणजी ट्रॉफी में ऐसा रिकॉर्ड बना दिया है, जो अब तक सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली जैसे दिग्गज भी नहीं कर पाए। चंडीगढ़ के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में तेजराणा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 320 गेंदों में 205 रन ठोके और उन चुनिंदा खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए जिन्होंने रणजी ट्रॉफी के पहले ही मैच में दोहरा शतक जमाया है।

बाएं हाथ के बल्लेबाज तेजराणा रणजी ट्रॉफी में डेब्यू मैच में शतक लगाने वाले गोवा के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। साथ ही, रणजी इतिहास में वह 14वें खिलाड़ी हैं जिन्होंने अपने पदार्पण मैच में दोहरा शतक जड़ा। इस तरह उन्होंने खुद को गुंडप्पा विश्वनाथ और अमोल मजूमदार जैसे दिग्गज खिलाड़ियों की सूची में शामिल कर लिया है।

गौरतलब है कि सौराष्ट्र के जय गोहिल आखिरी बल्लेबाज थे जिन्होंने 2022 में अपने डेब्यू मैच में दोहरा शतक जमाया था। उन्होंने असम के खिलाफ 246 गेंदों में 227 रन बनाए थे। अभिनव तेजराणा ने बुधवार को नाबाद 130 रन के साथ अपनी पारी जारी रखी थी और गुरुवार को 70 रन जोड़कर अपना दोहरा शतक पूरा किया।

दिलचस्प बात यह है कि सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर ने भी 2022 में गोवा के लिए रणजी डेब्यू मैच में शतक लगाया था, लेकिन वे उसे दोहरे शतक में नहीं बदल पाए थे। तेजराणा की यह ऐतिहासिक पारी रणजी ट्रॉफी के नए सितारे के रूप में उनकी पहचान पुख्ता करती है।