गुवाहाटी, 15 अक्टूबर 2025 — मशहूर गायक जुबीन गर्ग के निधन मामले में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। एक ओर जुबीन की पत्नी गरिमा सैकिया न्याय की मांग कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर असम पुलिस मामले की गहराई से जांच में जुटी हुई है।
ताजा जानकारी के अनुसार, पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए 7 आरोपियों में से 5 को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इन आरोपियों में जुबीन के चचेरे भाई संदीपन गर्ग और मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा भी शामिल हैं।
गुवाहाटी सेंट्रल जेल में रखे जा सकते हैं आरोपी
अधिकारियों के मुताबिक, किसी भी आरोपी की ओर से अब तक जमानत याचिका दायर नहीं की गई है, न ही उनके वकीलों ने अदालत में कोई प्रतिनिधित्व किया है। असम CID की विशेष जांच टीम (SIT) की देखरेख में चल रही जांच के तहत इन पांचों को गुवाहाटी सेंट्रल जेल में रखा जा सकता है।
अन्य आरोपियों में श्यामकानु महंत, नंदेश्वर बोरा और परेश बैश्य के नाम शामिल हैं।
दो अन्य आरोपियों की पुलिस हिरासत जल्द खत्म होगी
SIT प्रमुख और विशेष डीजीपी (CID) मुन्ना प्रसाद गुप्ता ने बताया कि, “हमने कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें से 5 की पुलिस हिरासत पूरी हो चुकी है, जिन्हें आज अदालत में पेश किया गया है। बाकी 2 आरोपियों की हिरासत दो दिन बाद समाप्त होगी।”
इससे पहले, असम पुलिस ने असम एसोसिएशन सिंगापुर से जुड़े 10 लोगों को समन जारी किया था, जिनसे इस मामले में पूछताछ जारी है।









