World

डूरंड लाइन पर भड़की जंग, तालिबान ने किया 58 पाक सैनिकों के मारे जाने का दावा

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच डूरंड रेखा पर शनिवार देर रात भीषण संघर्ष हुआ, जिसकी शुरुआत पाकिस्तान द्वारा टीटीपी (तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान) के ठिकानों पर किए गए हवाई हमले के बाद हुई. तालिबान प्रवक्ता जबीहुल्ला मुजाहिद ने दावा किया कि इस संघर्ष में अफगान बलों ने 58 पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया और करीब 30 को घायल कर दिया. उन्होंने यह भी बताया कि अफगान सेना ने बड़ी मात्रा में पाकिस्तानी हथियार जब्त किए हैं. हालांकि, अफगान पक्ष को भी नुकसान हुआ है — करीब 20 सैनिक मारे गए या घायल हुए हैं.

यह घटना उस वक्त घटी जब अफगान विदेश मंत्री भारत दौरे पर थे. अफगान सरकार ने स्पष्ट किया कि यह जवाबी कार्रवाई पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र उल्लंघन के विरोध में की गई है. अफगान रक्षा मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि भविष्य में किसी भी हमले का और कड़ा जवाब दिया जाएगा.

पाकिस्तान की ओर से भी दावा किया गया कि अफगानिस्तान की तरफ से बिना किसी उकसावे के गोलीबारी हुई, जिसका जवाब उन्होंने पूरी ताकत से दिया. सीमा पर हुई इस झड़प में दोनों ओर से कई चौकियों पर कब्जे और ध्वस्त होने के दावे किए जा रहे हैं. पूर्व भारतीय राजनयिकों का मानना है कि पाकिस्तान की अफगान नीति विफल रही है और अब तालिबान भारत के साथ संबंध मजबूत करने की दिशा में बढ़ रहा है.