National

देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, महाराष्ट्र-ओडिशा सबसे ज्यादा प्रभावित

देश के अधिकांश हिस्सों से जहां मॉनसून ने विदाई ले ली है, वहीं महाराष्ट्र में अब भी बारिश का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा. मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई समेत कई जिलों में 27 से 29 सितंबर तक भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. मुंबई, पालघर, ठाणे और रायगढ़ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ मूसलधार बारिश होने की आशंका है. इससे पहले राज्य के कई हिस्सों में बारिश ने फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया था, और अब एक बार फिर जनजीवन प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है.

इतना ही नहीं, जालना, बीड और सोलापुर जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है, जहां कुछ स्थानों पर अत्यधिक वर्षा और 50 किमी/घंटे तक की तेज़ हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार को छत्तीसगढ़, केरल, गोवा, ओडिशा, तेलंगाना, कर्नाटक और तमिलनाडु में भी भारी बारिश का दौर जारी रहेगा. वहीं, आंध्र प्रदेश, गुजरात, झारखंड और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. इस बीच, प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और गैरजरूरी यात्रा से बचने की अपील की है.