National

PM मोदी का कांग्रेस पर तंज: “बच्चों की टॉफी पर भी 21% टैक्स लगाते थे”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को घोषणा की कि देश में एक नई, सरल GST (वस्तु एवं सेवा कर) व्यवस्था 22 सितंबर से लागू होगी. यह दिन नवरात्रि का पहला दिन भी है. उन्होंने इसे आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक बड़ा कदम बताया. प्रधानमंत्री ने बताया कि पहले की सरकारों के समय आम लोगों पर भारी टैक्स का बोझ डाला जाता था. कांग्रेस सरकार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उस समय टूथपेस्ट, साबुन और बालों के तेल जैसे जरूरी सामान पर 27% टैक्स लगता था. बच्चों की टॉफी पर भी 21% टैक्स लगाया जाता था. साइकिल और सिलाई मशीन पर भी भारी टैक्स था, जिससे मिडिल क्लास का बजट बिगड़ जाता था.

मोदी ने कहा कि नई जीएसटी व्यवस्था से टैक्स सिस्टम आसान हुआ है, जिससे आम लोगों की जिंदगी बेहतर होगी. इससे देश की ग्रोथ और खपत दोनों को बढ़ावा मिलेगा, निवेश और रोजगार के मौके बढ़ेंगे, और केंद्र-राज्य के रिश्ते और मजबूत होंगे. उन्होंने यह भी बताया कि इस बार न केवल GST में राहत दी गई है, बल्कि इनकम टैक्स में भी बड़ी छूट दी गई है. 12 लाख तक की आय पर अब कोई टैक्स नहीं देना पड़ता. इससे लोगों को कमाई में भी बचत और खर्च में भी राहत मिलेगी. मोदी ने कहा कि इस बार धनतेरस का त्योहार और भी खास होगा क्योंकि दर्जनों चीजों पर टैक्स काफी घटाया गया है.