जस्टिस बीआर गवई होंगे देश के नए मुख्य न्यायाधीश, 14 मई को लेंगे शपथ

भारत के चीफ जस्टिस संजीव खन्ना ने बुधवार  को केंद्रीय कानून मंत्रालय को जस्टिस बीआर गवई को अगला सीजेआई नियुक्त करने की सिफारिश की. जस्टिस बीआर गवई भारत के 52वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यभार ग्रहण करेंगे. उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा 14 मई को इस पद की शपथ दिलाई जाएगी.

बता दें  मौजूदा मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना 13 मई को रिटायर होंगे  और उसके अगले दिन जस्टिस गवई अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन शुरू करेंगे. CJI न्यायमूर्ति संजीव खन्ना ने नवंबर 2024 में पदभार संभाला था. चीफ जस्टिस ने न्यायमूर्ति गवई को अपने उत्तराधिकारी के रूप में नामित करते हुए केंद्रीय विधि मंत्रालय को एक प्रस्ताव भेजा है.

महाराष्ट्र के अमरावती से संबंध रखने वाले गवई ने 1985 में वकालत की शुरूआत की थी. उन्होंने 1987 से 1990 तक बॉम्बे उच्च न्यायालय में स्वतंत्र रूप से वकालत की. इसके बाद  उन्होंने मुख्य रूप से संवैधानिक और प्रशासनिक कानून से जुड़े मामलों में बॉम्बे उच्च न्यायालय की नागपुर पीठ में प्रैक्टिस की.

उन्हें अगस्त 1992 में बॉम्बे उच्च न्यायालय की नागपुर पीठ में सहायक सरकारी वकील और अतिरिक्त लोक अभियोजक के रूप में नियुक्त किया गया. 2000 में  उन्हें नागपुर पीठ के लिए सरकारी वकील और लोक अभियोजक के पद पर नामित किया गया. न्यायमूर्ति गवई 2003 में उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश बने और 2005 में उन्हें स्थायी न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया. 2019 में उन्हें सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश के पद पर पदोन्नति मिली.

error: Content is protected !!