Technology

भारत में 6-सीटर इलेक्ट्रिक एयर टैक्सी की टेस्टिंग शुरू, भीड़भाड़ और ट्रैफिक से मिलेगी राहत

भारत में शहरी हवाई यात्रा का नया युग आने को है। एयरोस्पेस स्टार्टअप सरला एविएशन ने अपनी 6-सीटर इलेक्ट्रिक एयर टैक्सी के ग्राउंड टेस्टिंग प्रोग्राम की शुरुआत कर दी है। इस पहल के साथ कंपनी ने अपने एयर टैक्सी प्रोजेक्ट को कोर वैलिडेशन फेज में प्रवेश दिलाया है, जो डिजिटल कॉन्सेप्ट और लैब-स्केल परीक्षणों से आगे बढ़कर वास्तविक एयरक्राफ्ट-स्केल टेस्टिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

बेंगलुरु स्थित कंपनी की मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी में हो रही यह टेस्टिंग न केवल सरला एविएशन बल्कि भारत के निजी एयरोस्पेस सेक्टर के लिए भी एक मील का पत्थर है। कंपनी ने दावा किया है कि कम समय और न्यूनतम निवेश में इस स्तर तक पहुंचना एक बड़ी उपलब्धि है।

सरला एविएशन की फ्लाइंग टैक्सी शहरी कम्यूट को आसान बनाने के लिए डिज़ाइन की गई है, जिससे मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु और पुणे जैसे भीड़भाड़ वाले शहरों में यात्रा का समय काफी कम होगा। 2024 में बेंगलुरु इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के साथ साझेदारी के तहत कंपनी ने eVTOL एयरक्राफ्ट पर फोकस करते हुए सस्टेनेबल एयर मोबिलिटी के लिए एक स्टेटमेंट ऑफ कोलैबोरेशन भी साइन किया था।

को-फाउंडर और CTO राकेश गोंकर के अनुसार, परीक्षण के लिए तैयार किया गया SYL-X1 डेमॉन्स्ट्रेटर एक फंक्शनल सब-स्केल एयरक्राफ्ट है, जिसे स्ट्रक्चरल बिहेवियर, प्रोपल्शन इंटीग्रेशन और सिस्टम-लेवल सेफ्टी आर्किटेक्चर की वास्तविक जांच के लिए डिजाइन किया गया है। यह डेमॉन्स्ट्रेटर भविष्य में फुल-स्केल एयरक्राफ्ट के विकास की नींव रखेगा। यह पहल न केवल तकनीकी उन्नति का प्रतीक है बल्कि भारत में शहरी हवाई परिवहन के लिए नए अवसरों की भी दिशा तय करती है।