अमेरिकी सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा (CBP) ने कैलिफोर्निया में कमर्शियल ड्राइवर लाइसेंस का गलत इस्तेमाल कर सेमी-ट्रक चलाने वाले 49 अवैध प्रवासियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 30 भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। ये गिरफ्तारी हाल के हफ्तों में इमिग्रेशन चेकपॉइंट्स और अंतर-एजेंसी अभियानों के दौरान की गई।
एल सेंट्रो सेक्टर के एजेंटों ने 23 नवंबर से 12 दिसंबर के बीच हाईवे 86 और 111 पर 42 अवैध प्रवासियों को पकड़ा। इसमें भारतीयों के अलावा एल साल्वाडोर, चीन, इरिट्रिया, हैती, रूस, सोमालिया, तुर्की और अन्य देशों के नागरिक भी थे। 10 और 11 दिसंबर को ‘ऑपरेशन हाइवे सेंटिनल’ में कुल 45 अवैध ट्रक चालकों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 5 भारतीय शामिल थे।
गिरफ्तारियों के पास कुल 39 कमर्शियल ड्राइवर लाइसेंस थे, जिनमें 31 कैलिफोर्निया द्वारा जारी किए गए थे, और शेष अन्य राज्यों से। एल सेंट्रो सेक्टर के कार्यवाहक चीफ पेट्रोल एजेंट जोसेफ रेमेनार ने बताया कि यह अभियान अवैध प्रवास और कमर्शियल ट्रकिंग क्षेत्र में सुरक्षा खतरों को रोकने के लिए चलाया गया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा सुनिश्चित करना और नियमों का पालन कराना प्राथमिकता है।









