World

पाकिस्तान के पेशावर में प्राइवेट स्कूल की छत गिरने से 21 की मौत, मृतकों में 20 छात्र शामिल

पाकिस्तान के पेशावर में गुरुवार, 15 अक्टूबर को एक दर्दनाक हादसा हुआ। दिर कॉलोनी स्थित एक प्राइवेट स्कूल की छत अचानक गिरने से कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 20 छात्र और एक महिला टीचर शामिल हैं। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। पाकिस्तानी अखबार डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, लेडी रीडिंग हॉस्पिटल के प्रवक्ता मुहम्मद आसिम ने 21 लोगों की मौत की पुष्टि की है। हादसे के बाद अस्पताल में इमरजेंसी घोषित कर दी गई। इससे पहले अस्पताल प्रशासन ने 17 छात्रों की मौत की जानकारी दी थी। अधिकारियों के अनुसार, जान गंवाने वाले सभी बच्चों की उम्र 13 साल या उससे कम थी। हादसे में घायल 17 अन्य छात्रों को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटनास्थल पर बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे थे।

पाकिस्तान में पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे

पाकिस्तान में इमारतों और स्कूलों की छतें गिरने की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं। रिपोर्ट के अनुसार, कमजोर सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल को ऐसे हादसों की प्रमुख वजह माना जाता है। इससे पहले जुलाई में उमरकोट के पास एक सरकारी प्राइमरी स्कूल की बाहरी दीवार ढह गई थी। मलबे में दबने से तीन से 13 साल की उम्र की तीन बच्चियों की मौत हो गई थी। इसी महीने लाहौर के बागबानपुरा इलाके में एक निजी स्कूल की निर्माणाधीन इमारत की छत गिरने से एक बच्चे की जान चली गई, जबकि कम से कम पांच लोग घायल हुए थे।

जून में लाहौर के काहना इलाके में एक निजी ट्यूशन सेंटर की छत गिरने से 14 बच्चों की मौत हो गई थी। इससे पहले डेरा गाजी खान के एक निजी स्कूल में क्लासरूम की छत ढहने से चार बच्चों की जान गई थी और 20 लोग घायल हुए थे। जांच में सामने आया था कि इमारत के विस्तार का काम चल रहा था, तभी छत गिर गई। लगातार हो रहे इन हादसों ने पाकिस्तान में स्कूलों की सुरक्षा और निर्माण मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।