अमेरिका, कनाडा और यूनाइटेड किंगडम समेत कई देशों में वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म YouTube की सेवाएं अचानक बाधित हो गईं। आउटेज ट्रैक करने वाली वेबसाइट Downdetector पर लगभग तीन लाख यूजर्स ने समस्या की शिकायत दर्ज कराई। ज्यादातर लोगों ने मोबाइल ऐप में दिक्कत बताई, जबकि कुछ यूजर्स ने वीडियो प्लेबैक और वेबसाइट एक्सेस में परेशानी की जानकारी दी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 16 प्रतिशत यूजर्स ने वीडियो स्ट्रीमिंग रुकने और लगभग 10 प्रतिशत ने वेबसाइट से जुड़ी समस्या की शिकायत की। सोशल मीडिया पर भी बड़ी संख्या में लोग इस आउटेज को लेकर पोस्ट कर रहे हैं। कुछ यूजर्स का दावा है कि Google, Amazon Web Services (AWS) और Cloudflare की सेवाओं में भी रुकावट देखी गई।
इस बीच TeamYouTube ने समस्या स्वीकार करते हुए कहा है कि तकनीकी टीम मामले की जांच कर रही है। कंपनी ने आश्वासन दिया है कि इश्यू को जल्द ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है, हालांकि बहाली की समयसीमा स्पष्ट नहीं की गई है।









