Uttar Pradesh

योगी सरकार लॉन्च कर रही है आयुष ऐप; घर बैठे मिलेगा स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

उत्तर प्रदेश सरकार आयुष चिकित्सा पद्धतियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर व्यापक रूप से पहुँचाने की दिशा में कदम बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप, आयुष विभाग आईआईटी कानपुर के सहयोग से एक अत्याधुनिक आयुष ऐप विकसित कर रहा है। इस ऐप के जरिए मरीज घर बैठे ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेकर डॉक्टर से मिल सकेंगे, जिससे अस्पतालों में लंबी लाइनों और समय की बर्बादी से निजात मिलेगी।

आयुष विभाग के प्रमुख सचिव रंजन कुमार ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य जन-जन तक आयुष चिकित्सा पद्धतियों को पहुंचाना है। ऐप पर आयुर्वेद, योग, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी जैसी पद्धतियों से जुड़ी जानकारी उपलब्ध होगी। इसके अलावा, मरीज विभिन्न बीमारियों के उपचार, दवाओं की जानकारी, नजदीकी आयुष अस्पताल और डिस्पेंसरी की सूची, डॉक्टरों के विवरण और स्वास्थ्य सुझाव भी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।

आयुष ऐप विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और दूर-दराज के इलाकों के मरीजों के लिए राहत का माध्यम बनेगा। इसे सुरक्षित, तेज और भरोसेमंद बनाया जा रहा है ताकि मरीजों का डेटा पूरी तरह सुरक्षित रहे। भविष्य में ऐप में टेली-परामर्श, ऑनलाइन रिपोर्ट और डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड जैसी सुविधाएं भी जोड़ी जाएंगी।

इस पहल से न केवल स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि आम जनता में आयुष चिकित्सा पद्धतियों के प्रति विश्वास भी मजबूत होगा। योगी सरकार की यह डिजिटल पहल स्वास्थ्य सेवा को और अधिक सुलभ और आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।