Sports

यशस्वी ने जड़ा टेस्ट करियर का 7वां शतक, दिग्गज खिलाड़ियों की सूची में हुए शामिल

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में यशस्वी जायसवाल ने अपने टेस्ट करियर का सातवां शतक जड़ते हुए इतिहास रच दिया है. 23 वर्षीय यशस्वी अब उन चुनिंदा क्रिकेटर्स में शामिल हो गए हैं जिन्होंने 24 साल की उम्र से पहले सात या उससे अधिक टेस्ट शतक बनाए हैं. इस सूची में सबसे ऊपर डॉन ब्रैडमैन (12 शतक) और सचिन तेंदुलकर (11 शतक) जैसे दिग्गज शामिल हैं.

गारफील्ड सोबर्स ने 24 की उम्र से पहले 9 शतक बनाए थे, जबकि यशस्वी के साथ 7 शतक वालों में जावेद मियांदाद, ग्रीम स्मिथ, एलेस्टियर कुक और केन विलियमसन जैसे नाम भी शामिल हैं. भारतीय संदर्भ में यशस्वी, 23 साल की उम्र तक सर्वाधिक टेस्ट शतक लगाने वाले बल्लेबाजों में दूसरे स्थान पर हैं. पहले स्थान पर हैं क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर, जिन्होंने 23 की उम्र तक 11 टेस्ट शतक जड़े थे.

इसके अलावा, यशस्वी ने एक और खास उपलब्धि हासिल की है। वह वीरेंद्र सहवाग, सुनील गावस्कर और गौतम गंभीर के बाद एक ही कैलेंडर वर्ष में दो बार तीन शतक लगाने वाले भारतीय सलामी बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने यह कारनामा 2024 और 2025 में किया. यशस्वी की यह कामयाबी उनके उज्ज्वल भविष्य की ओर इशारा करती है और भारतीय क्रिकेट को एक नई ऊंचाई पर ले जाने की क्षमता रखती है.