National

हरियाणा में यमुना का जलस्तर रिकॉर्ड स्तर पर, दिल्ली में भी बाढ़ का खतरा

हरियाणा में यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. हथिनीकुंड बैराज के सभी 18 गेट खोल दिए गए हैं. रविवार देर रात पानी का बहाव 1.05 लाख क्यूसेक था, जो सोमवार सुबह बढ़कर 3.29 लाख क्यूसेक हो गया -जो इस साल का सबसे ज्यादा है.

इस बढ़ते बहाव से अगले 50–60 घंटे में दिल्ली तक पानी पहुंच सकता है. इसी वजह से सिंचाई विभाग ने हाई फ्लड अलर्ट जारी किया और सायरन बजाकर लोगों को सतर्क किया गया है. नदी किनारे के गांवों को खाली करने को कहा गया है और मवेशियों को भी सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की अपील की गई है.

मौसम विभाग ने 5 सितंबर तक भारी बारिश का अनुमान जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. दिल्ली प्रशासन ने राहत शिविर बनाना शुरू कर दिया है. फरीदाबाद, कुरुक्षेत्र, सिरसा और फतेहाबाद में कई गांव प्रभावित हुए हैं और हजारों एकड़ फसलें डूब चुकी हैं.