Xiaomi भारतीय बाजार में अपने होम इलेक्ट्रॉनिक्स पोर्टफोलियो का विस्तार करने की तैयारी में है। कंपनी 2026 की दूसरी छमाही तक एयर कंडीशनर और रेफ्रिजरेटर जैसे बड़े होम अप्लायंसेज लॉन्च कर सकती है। यह जानकारी टिप्स्टर योगेश बरार ने Smartprix को दी है। फिलहाल, Xiaomi भारत में स्मार्ट होम सेगमेंट में रोबोट वैक्यूम क्लीनर, सिक्योरिटी कैमरा और एयर प्यूरीफायर जैसी प्रोडक्ट रेंज पेश कर रही है। चीन और यूरोप के बाजारों के मुकाबले भारत में इसकी होम अप्लायंसेज रेंज काफी सीमित है। अब कंपनी भारत में एयर कंडीशनर और फ्रिज समेत नई रेंज लाकर मार्केट में अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है।
रिपोर्ट के अनुसार, Xiaomi इन अप्लायंसेज की टेस्टिंग कर रही है ताकि वे भारत में वोल्टेज उतार-चढ़ाव और मौसम के बदलाव जैसी समस्याओं का सामना कर सकें। कंपनी कमर्शियल लॉन्च से पहले जरूरी लोकल सर्टिफिकेशन्स हासिल करने पर भी काम कर रही है। संभावित तौर पर ये नए प्रोडक्ट्स त्योहारी सीजन 2026 में भारतीय बाजार में लॉन्च किए जा सकते हैं। इस कदम के साथ, Xiaomi भारतीय उपभोक्ताओं के लिए स्मार्ट और बड़े होम अप्लायंसेज की उपलब्धता बढ़ाकर अपने मार्केट शेयर को और मजबूत कर सकती है।









