National

7 साल बाद भारत आएंगे शी जिनपिंग, BRICS शिखर सम्मेलन में बड़े प्रतिनिधिमंडल के साथ होंगे शामिल

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग करीब सात साल बाद भारत का दौरा करने वाले हैं। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, शी सितंबर में दिल्ली में होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत आ सकते हैं। हालांकि, भारत और चीन की सरकारों की ओर से अभी तक इस यात्रा की औपचारिक पुष्टि नहीं की गई है। BRICS शिखर सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को भारत में प्रस्तावित है। सूत्रों के अनुसार, शी जिनपिंग के साथ करीब 400 अधिकारियों का बड़ा प्रतिनिधिमंडल भारत पहुंच सकता है। इससे पहले 2019 में उनकी भारत यात्रा के दौरान 200 से कम अधिकारी उनके साथ आए थे।

शी का संभावित दौरा भारत-चीन संबंधों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वर्ष 2020 में गलवान घाटी में हुई हिंसक झड़प के बाद दोनों देशों के रिश्तों में काफी तनाव आया था। ऐसे में यह यात्रा सीमा पर तनाव कम करने और द्विपक्षीय संबंधों को सामान्य बनाने की दिशा में अहम कदम हो सकती है। BRICS सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शी जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय बैठक की संभावना भी जताई जा रही है। बैठक में LAC पर शांति, सीमा विवाद, व्यापार और दोनों देशों के बीच बढ़ते व्यापार घाटे जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। इस बीच, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की BRICS सम्मेलन में भागीदारी की पुष्टि हो चुकी है।