Technology

X पर आएगा ‘X Money’ फिचर, सोशल मीडिया से ही होगा पेमेंट और मनी ट्रांसफर

दुनिया के मशहूर उद्योगपति Elon Musk अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X को एक नए स्तर पर ले जाने की तैयारी में हैं। मस्क जल्द ही प्लेटफॉर्म पर ‘X Money’ नाम का नया फीचर लॉन्च करने जा रहे हैं, जिसके जरिए यूजर्स ऐप के अंदर ही पैसे भेज और प्राप्त कर सकेंगे। इस फीचर के आने के बाद यूजर्स को पेमेंट या मनी ट्रांसफर के लिए किसी अन्य ऐप का सहारा नहीं लेना पड़ेगा।

बताया जा रहा है कि यह फीचर अगले महीने पब्लिक एक्सेस के लिए उपलब्ध हो सकता है। X Money एक इन-ऐप पेमेंट सिस्टम होगा, जिससे यूजर्स एक-दूसरे को सीधे पैसे ट्रांसफर कर सकेंगे और प्लेटफॉर्म के अंदर ही लेन-देन कर पाएंगे। भविष्य में इसमें सैलरी ट्रांसफर, बिल भुगतान और ऑनलाइन खरीदारी जैसे फीचर भी जोड़े जा सकते हैं। डिजिटल भुगतान को सुरक्षित और वैश्विक मानकों के अनुरूप बनाने के लिए Visa के साथ साझेदारी की गई है। इससे ट्रांजैक्शन की सुरक्षा बढ़ाने और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का लाभ मिलने की उम्मीद है।

विशेषज्ञों का मानना है कि X का बड़ा वैश्विक यूजर बेस होने के कारण X Money आने के बाद अंतरराष्ट्रीय पैसे भेजने की प्रक्रिया पर भी असर पड़ सकता है। हालांकि भारत जैसे देशों में, जहां Unified Payments Interface पहले से ही बेहद लोकप्रिय है, वहां इस नए सिस्टम के लिए जगह बनाना आसान नहीं होगा। फिर भी इसे सोशल मीडिया और फिनटेक के मेल की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।