National

गलत एडमिट कार्ड से बढ़ी MPPSC अभ्यर्थियों की परेशानी, परीक्षा से पहले आयोग की चूक पर सवाल

मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) एक बार फिर अपनी कार्यप्रणाली को लेकर विवादों में आ गया है। सहायक प्राध्यापक कंप्यूटर विज्ञान परीक्षा 2026 से पहले आयोग द्वारा जारी किए गए एडमिट कार्ड में गंभीर त्रुटि सामने आई है, जिससे हजारों अभ्यर्थियों में भ्रम और चिंता का माहौल बन गया है।

दरअसल, आयोग ने कंप्यूटर विज्ञान विषय की परीक्षा के एडमिट कार्ड में निगेटिव मार्किंग का उल्लेख कर दिया, जबकि इस परीक्षा योजना में किसी भी प्रकार की नकारात्मक अंक कटौती का प्रावधान नहीं है। एडमिट कार्ड में यह लिखा गया था कि गलत उत्तर पर एक अंक काटा जाएगा और सही उत्तर पर तीन अंक दिए जाएंगे। जैसे ही अभ्यर्थियों ने यह जानकारी देखी, उनमें हड़कंप मच गया।
गलती सामने आने के बाद MPPSC ने जल्दबाजी में एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की विंडो बंद कर दी। इसके बाद कई अभ्यर्थी वेबसाइट पर बार-बार लॉग इन कर प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की कोशिश करते रहे, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। इस अचानक हुई प्रक्रिया से उम्मीदवारों की परेशानी और बढ़ गई।

आयोग ने बाद में अपनी गलती स्वीकार करते हुए सफाई दी कि एडमिट कार्ड में सुधार किया जा रहा है और संशोधित प्रवेश पत्र जल्द ही वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही आयोग ने इस त्रुटि के लिए खेद भी जताया है। हालांकि, अभी तक नए और सही एडमिट कार्ड जारी नहीं किए गए हैं, जिससे छात्रों में असमंजस बना हुआ है

गौरतलब है कि सहायक प्राध्यापक कंप्यूटर साइंस की परीक्षा 4 जनवरी 2026 को दो सत्रों में आयोजित की जानी है। परीक्षा में अब कुछ ही दिन शेष हैं और ऐसे में एडमिट कार्ड को लेकर अनिश्चितता ने अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ा दी है। उम्मीदवारों की मांग है कि आयोग जल्द से जल्द संशोधित एडमिट कार्ड जारी करे और परीक्षा से जुड़ी स्थिति को स्पष्ट रूप से सार्वजनिक करे, ताकि किसी भी तरह की अफवाह या भ्रम की स्थिति न बने।