महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के लिए मेगा ऑक्शन गुरुवार को आयोजित किया जाएगा, जिसमें कुल 277 खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। पांच फ्रेंचाइजी के पास 50 भारतीय और 23 विदेशी खिलाड़ियों के लिए कुल 73 स्लॉट उपलब्ध हैं। इस बार ऑक्शन का मुख्य आकर्षण भारतीय टीम की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा हैं, जिन्हें उत्तर प्रदेश वॉरियर्स ने रिलीज किया है। विश्व कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रह चुकी दीप्ति इस बार सबसे महंगी भारतीय खिलाड़ी बनने की दावेदारी में हैं। उनके शानदार प्रदर्शन के बाद कई फ्रेंचाइजी उन्हें अपनी टीम में शामिल करना चाहेंगी, हालांकि यूपी आरटीएम (राइट टू मैच कार्ड) का इस्तेमाल करके उन्हें वापस ले सकती है।
अब तक स्मृति मंधाना (3.4 करोड़) सबसे महंगी खिलाड़ी हैं, जिन्हें 2023 में बेंगलुरु ने खरीदा था। इसके अलावा गेंदबाज श्री चरणी, क्रांति गौड़ और ओपनर प्रतिका रावल भी बड़ी कमाई कर सकती हैं। वनडे विश्व कप जीत के बाद भारतीय खिलाड़ियों की मांग बढ़ी है, खासकर दीप्ति, क्रांति और चरणी जैसी युवा प्रतिभाओं पर।
विदेशी खिलाड़ियों में दक्षिण अफ्रीका की कप्तान एल. वोलवार्ड्ट, नादिन डीक्लार्क, ऑस्ट्रेलिया की एलिसा हीली और मेग लैनिंग, न्यूजीलैंड की अमेलिया केर और इंग्लैंड की एक्लेस्टोन पर भी बड़ी बोली की उम्मीद है। इस ऑक्शन में हर फ्रेंचाइजी की रणनीति और खिलाड़ियों की कीमतें दर्शकों के लिए रोमांचक रहने वाली हैं।









